Raebareli News : बिजली की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत, परिजनों में कोहराम
ऊंचाहार/रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में शोक की लहर छा गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना अलीनगर असकरनपुर गांव की है।
यहां रहने वाले ज्ञान चंद की 37 वर्षीय पत्नी कल्पना घर की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान वे अचानक पंखे से निकले करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव घर ले गए।
दूसरी घटना नेवादा गांव की है। यहां रहने वाले लालजी की 46 वर्षीय पत्नी सुबह खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान वे पड़ोसी के खेत में लगी झटका मशीन के करंट की चपेट में आ गईं। बेहोशी की हालत में परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
