Shamli Encounter : पुलिस एनकाउंटर में मारा गया मुकीम काला गैंग का सदस्य महताब, मुठभेड़ में गोली लगने दारोगा भी घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक महताब कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था। वह पिछले पांच महीने से महिला सिपाही से चेन लूटने के मामले में फरार चल रहा था और उस पर डीआईजी रेंज की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

शामली। यूपी के शामली में किसान से मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हुए 50 हजार के इनामी बदमाश महताब उर्फ बेचैन की शुक्रवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से एक दारोगा भी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस और बदमाशों की बाइक बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक महताब कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था। वह पिछले पांच महीने से महिला सिपाही से चेन लूटने के मामले में फरार चल रहा था और उस पर डीआईजी रेंज की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात हाथी करौदा गांव निवासी किसान नरेंद्र खेत में पानी लगाने जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे मोबाइल फोन और 182 रुपये नकद लूट लिए। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जिलेभर में घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। खुद को चारों ओर से घिरा देख दोनों बदमाश एक ट्यूबवेल के पास छिप गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान दारोगा दीपचंद के हाथ में गोली लग गई।

महताब पर हत्या, लूट समेत अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज थे 34 मुकदमे

पुलिस की जवाबी फायरिंग में महताब गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।घायल महताब को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, महताब मूल रूप से कैराना का रहने वाला था और हाल के दिनों में सहारनपुर में रह रहा था। उसके खिलाफ हत्या, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 34 मुकदमे दर्ज थे।

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक 9 एमएम ऑटोमैटिक कारबाइन, एक पिस्तौल, बड़ी संख्या में खोखे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

संबंधित समाचार