Kaushambi News : डिवाइडर से टकराने के बाद गैस टैंकर में लगी भीषण आग, टोल प्लाजा के 7 कर्मी झुलसे
कौशाम्बी। कौशांबी जिले के कोखराज बाईपास स्थित टोल प्लाजा पर शुक्रवार सुबह एलपीजी गैस से भरा टैंकर डिवाइडर से टकरा गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में टोल प्लाजा पर तैनात सात कर्मचारी झुलस गए जबकि टोल के तीन बूथ पूरी तरह जलकर राख हो गए। सूत्रों के अनुसार, कानपुर की ओर से जा रहा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर टोल की लेन-3 के डिवाइडर से टकरा गया।
टक्कर से गैस का रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही देर में टैंकर में भीषण आग लगगई। आग फैलते ही टोल पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच कर्मचारी जान बचाकर भागे। सूचना पर कोखराज, मंझनपुर व भरवारी से दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। क्षेत्राधिकारी सिराथू और थाना प्रभारी कोखराज पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अग्निशमन के जवानों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया । इस दौरान एनएच-19 पर दोनों ओर पांच किमी लंबा जाम लग गया।
इस हादसे में टोल प्लाजा के राजेश (32), सोनू (28), अरविंद (35) , पिंटू (30), मुकेश (29), रामबाबू (40) और जितेंद्र (26) झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया है। क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि टैंकर चालक मौके से फरार है। टैंकर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। इस दुर्घटना से टोल प्लाजा का कई लाख का नुकसान होने का अनुमान है।
