बिजली चोरी में 19 उपभोक्ताओं पर FIR दर्ज, 150 झुग्गियों से अवैध कनेक्शन हटाए गए
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार को बड़े बकायेदारों और बिजली चोरी में शामिल उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान बिजली कनेक्शनों के काटने की कार्रवाई के साथ-साथ दोषी उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई। अमौसी क्षेत्र में रेड असेसमेंट एंड कलेक्शन टीम और विजिलेंस दल की ओर से मॉर्निंग रेड अभियान चलाकर 95 कनेक्शनों की जांच की गई। जांच में सात उपभोक्ता मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते पाए गए, जिनके खिलाफ बिजली अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया।
इसके साथ ही गोमती नगर क्षेत्र में सहायक अभियंता और रेड टीम ने विनीत खंड-5 स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में अवैध बिजली उपयोग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 150 झुग्गियों से कटिया कनेक्शन हटाए। मौके पर लोगों की ओर से तार खींच लेने और सही पहचान न मिलने के कारण एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी, लेकिन सभी अवैध केबल काटकर मौके से हटाया गया।
वहीं जानकीपुरम क्षेत्र के पाण्डेय टोला, महानगर में चलाए गए विशेष जांच अभियान में 40 परिसरों की जांच की गई। एक उपभोक्ता को मीटर बाईपास कर 6.50 किलोवाट भार की बिजली चोरी करते पकड़ा गया, जिसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई। साथ ही लखनऊ मध्य क्षेत्र में जीटीआई और अपट्रॉन इलाके में विशेष मॉर्निंग रेड अभियान के दौरान 11 उपभोक्ताओं के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई। विभाग ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा विभिन्न उपकेंद्रों पर साफ-सफाई और पेड़ कटिंग अभियान भी चलाया गया।
