Weather Update UP : लखनऊ में पूरे सप्ताह भीषण गर्मी की संभावना, 45 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान, यूपी के दूसरे जिलों का कैसा रहेगा हाल
लखनऊ में अगले सात दिनों तक पारा लगातार ऊपर चढ़ेगा। सप्ताह में चार दिन तक तापमान लगातार 45 डिग्री सेलसियस पर टिका रहेगा। इससे राजधानी क्षेत्र में भीषण गर्मी आमजन को बेहाल कर सकती है। यूपी के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से के कुछ जनपदों में हल्की बारिश की संभावना भी बनी है।
अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में मौसम के करवट लेते अगले कुछ दिनों तक गर्मी बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। लखनऊ में मंगलवार-16 जून को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। हालांकि सोमवार की अपेक्षा यहां तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रहेगी। यूपी के पश्चिमी और कुछ पूर्वी हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदा-बांदी हो सकती है।
लखनऊ में अगले एक सप्ताह तक मौसम के रुख की बात करें तो यहां का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। बुधवार-गुरुवार को तापमान 44 डिग्री और फिर अगले तीन दिन तक 45 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इस तरह राजधानीवासियों को पूरा सप्ताह भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
पूर्वी क्षेत्र के इन जिलों में हो सकती बारिश
यूपी के पूर्वी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज नरम रहने की संभावना है। चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, वाराणसी, संत कबीरनगर, महाराजगंज और कुशीनगर जनपद और उसके आसपास के इलाके में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार के साथ हवाएं चलेंगी, जो गर्मी से आमजन को थोड़ी राहत का एहसास कराती रहेंगी।
पश्चिमी यूपी में कैसा रहेगा मौसम
पश्चिमी यूपी में तापमान अधिकतम 34 से 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मतलब, राजधानी लखनऊ की अपेक्षा इस इलाके में काफी राहत रहेगी। गाजियाबाद, नोयडा, हापुड़, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना बनी है। उमस कम होगी और गर्मी से भी काफी राहत की उम्मीद जताई गई है।
