FIFA World Cup 2026: मेस्सी की फिटनेस पर टिकी नजरें, 64 साल पुराने 'वर्ल्ड कप इतिहास' को बदलने उतरेगी चैंपियन अर्जेंटीना

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

कनसास सिटी (अमेरिका): फीफा विश्व कप 2026 में अपने खिताब की रक्षा करने के इरादे से मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना की टीम पूरी तरह तैयार है। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में अर्जेंटीना का सामना अल्जीरिया से होने जा रहा है। मैच की पूर्व संध्या पर अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कैलोनी ने साफ किया कि हालांकि पहला मैच बेहद महत्वपूर्ण होता है, लेकिन यह पूरे टूर्नामेंट का भविष्य तय नहीं करता। उन्होंने चार साल पहले कतर विश्व कप (2022) का उदाहरण दिया, जहां सऊदी अरब से पहला मैच हारने के बाद भी अर्जेंटीना ने शानदार वापसी करते हुए तीसरी बार विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।

64 साल पुराने इतिहास को बदलने की चुनौती

फुटबॉल विश्व कप के इतिहास में अपने खिताब का बचाव करना किसी भी टीम के लिए सबसे मुश्किल काम रहा है। अब तक केवल इटली (1938) और ब्राजील (1962) ही लगातार दो बार विश्व कप जीतने का कारनामा कर पाए हैं। पिछले 64 वर्षों से कोई भी देश इस उपलब्धि को नहीं दोहरा सका है। ऐसे में दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी और उनकी टीम के सामने इस बार इतिहास रचने की एक बड़ी और कठिन चुनौती होगी।

मेस्सी समेत कई खिलाड़ियों की फिटनेस पर सस्पेंस

पहले मुकाबले से पहले अर्जेंटीना के खेमे में कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों को लेकर चिंता बनी हुई है। स्टार स्ट्राइकर लियोनेल मेस्सी मांसपेशियों में हल्के खिंचाव से जूझ रहे हैं, जबकि निको पाज़ घुटने की और जूलियन अल्वारेज़ टखने की चोट से उबर रहे हैं। स्टार गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज़ की उंगली में फ्रैक्चर है, लेकिन उनके खेलने की पूरी उम्मीद है। सबसे बड़ा सवाल डिफेंडर निकोलस टैग्लियाफिको को लेकर है, जिनकी चोट पर अभी सस्पेंस बरकरार है।

कोच स्कैलोनी ने टीम की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, "हमारी टीम के अधिकांश खिलाड़ी पूरी तरह फिट और आश्वस्त हैं। केवल निको की चोट को लेकर थोड़ी चिंता है, बाकी कोई भी खिलाड़ी गंभीर रूप से चोटिल नहीं है। हम इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"

तनावमुक्त और फिट नजर आए कप्तान लियोनेल मेस्सी

38 वर्षीय कप्तान लियोनेल मेस्सी ने कनसास सिटी स्थित बेस कैंप पहुंचने के बाद से भले ही मीडिया से दूरी बनाई हुई है, लेकिन अभ्यास सत्र के दौरान वे काफी रिलेक्स और बेहतरीन फॉर्म में दिखे। पिछले सप्ताह आइसलैंड के खिलाफ खेले गए एक वॉर्म-अप मैच में मेस्सी ने 20 मिनट मैदान पर बिताए और एक शानदार गोल दागकर अपनी फिटनेस को लेकर उठ रहे सभी सवालों और आशंकाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया।

संबंधित समाचार