गाजी मियां दरगाह में करोड़ों के गबन का आरोप: मंत्री ने बहराइच DM से मांगी रिपोर्ट, भाजपा नेता ने CM योगी से SIT जांच की उठाई मांग

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

बहराइच, अमृत विचार। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब बहराइच की प्रसिद्ध हजरत सैयद सालार मसूद गाजी (गाजी मियां) दरगाह भी विवादों में आ गई है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर दरगाह में करोड़ों रुपये के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं की एसआईटी जांच कराने की मांग की है।

मंत्री ने मांगी रिपोर्ट

मामले को गंभीर मानते हुए बहराइच के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि दरगाह में चढ़ावे, दुकानों, ठेकों, मेलों और अन्य स्रोतों से होने वाली आय में अनियमितताओं की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। मंत्री ने सभी आरोपों की जांच कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

गाजी मियां दरगाह में करोड़ों के गबन का आरोप (2)

पूर्व मंत्री परिवार पर आरोप

भाजपा नेता कुंवर बासित अली ने आरोप लगाया है कि वक्फ संख्या-19 के तहत आने वाली गाजी मियां दरगाह प्रदेश की बड़ी वक्फ संपत्तियों में शामिल है। जिसमें करोड़ों की संपत्ति है। लगभग 50-60 बीघे के अंदर कॉलेज-स्कूल और एक दरगाह है। जिस पर समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री वकार शाह के परिवार से जुड़े लोग लंबे समय से दरगाह प्रबंधन की विभिन्न समितियों में प्रभावी भूमिका निभाते रहे हैं। वकार शाह के बेटे यासिर शाह, यासिर शाह की पत्नी मारिया शाह और इनके लोग कमेटियों में हैं। लगभग 20 साल से वहां बड़ी तादाद में करप्शन हुआ है। उन्होंने एक साल में लगभग 14 करोड़ इनकम दिखाई है। लेकिन लगातार शिकायतें हुईं तो उसमें करीब 20 साल के अंदर हजारों करोड़ का घोटाला सामने आया है।

गाजी मियां दरगाह में करोड़ों के गबन का आरोप (1)

एसआईटी जांच की मांग तेज

कुंवर बासित अली ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि दरगाह की आय का उपयोग गरीबों, शिक्षा और सामाजिक कार्यों के लिए होना चाहिए, लेकिन आय और खर्च में पारदर्शिता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े मामलों में समान रूप से जवाबदेही तय होनी चाहिए।

गाजी मियां दरगाह में करोड़ों के गबन का आरोप (3)

उत्तर भारत की बड़ी दरगाह

बहराइच शहर के बैंकुंठा क्षेत्र में स्थित हजरत सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिनी जाती है। यहां हर साल लगने वाले जेठ मेले में उत्तर प्रदेश के अलावा देश के कई राज्यों और नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। दरगाह परिसर में मस्जिद, पुस्तकालय और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी संचालित होते हैं। पिछले वर्ष सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रशासन ने वार्षिक मेले के आयोजन की अनुमति नहीं दी थी।

गाजी मियां दरगाह में करोड़ों के गबन का आरोप (4)

ये भी पढ़ें:- बहराइच मस्जिद विवाद: नहीं हटेगी 200 साल पुरानी मस्जिद, डीएम ने नोटिस जारी करने के दिए निर्देश

संबंधित समाचार