गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: पिता पुत्री की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अमरोहा, अमृत विचार : गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार की तड़के सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पिता पुत्री की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब मनोना धाम से बहन का इलाज कराकर चंडीगढ़ लौट रहे परिवार की एक मैजिक गाड़ी कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहनों ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना और पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। 

जानकारी के अनुसार, हसनपुर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मनोना धाम से लौट रही मैजिक गाड़ी के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन से नियंत्रण खो बैठा और मैजिक पलट गई। वाहन में सवार कई लोग घायल हो गए।

MUSKAN DIXIT (26)

हादसे के बाद राहगीर और अन्य लोग घायलों को वाहन से बाहर निकालने में जुट गए। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार और फिर तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कई वाहन आपस में टकरा गए, जिससे एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में पिता पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं, हादसे के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

MUSKAN DIXIT (27)

घायलों को बचाने पहुंचे लोग भी बने हादसे का शिकार

मैजिक गाड़ी पलटने के बाद घायलों को बाहर निकालने के लिए कई लोग सड़क किनारे जुट गए थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि चालक समय रहते वाहनों की गति नियंत्रित कर लेते तो हादसे का दायरा इतना बड़ा नहीं होता। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

संबंधित समाचार