Raebareli BEO Attacked: रायबरेली में बीईओ पर जानलेवा हमला, हाथ में फ्रैक्चर, शिक्षक का सिर फटा
रायबरेली, अमृत विचार। जिले के बछरावां थाना क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मुकेश कुमार और उनके साथ मौजूद शिक्षक राजेश यादव पर बदमाशों ने हमला कर दिया। यह घटना रैन गांव के पास बांदा-बहराइच मार्ग पर हुई। हमले में बीईओ के हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। वहीं, शिक्षक राजेश यादव के सिर में गंभीर चोट लगी है।
सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर
जानकारी के अनुसार, बीईओ मुकेश कुमार ब्लॉक कार्यालय से काम निपटाकर शिक्षक राजेश यादव के साथ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बछरावां पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हमले की वजह की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बीईओ बृजलाल, सत्य प्रकाश सिंह, विजय प्रकाश सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विभागीय कर्मचारी सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: रायबरेली में युवक की मौत के बाद भड़की हिंसा,पथराव में कोतवाली प्रभारी समेत कई घायल
