Kanpur-Kabrai Greenfield Highway : कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड हाईवे को केंद्र से मिली मंजूरी, CM योगी ने PM मोदी का जताया आभार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

117.7 किमी लंबे एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे से कानपुर-कबरई की दूरी होगी कम, औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा।

लखनऊ, अमृत विचार: केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश को सड़क संपर्क और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए कानपुर-कबरई एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने 7,145 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना को स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला ''''विकसित उत्तर प्रदेश'''' के संकल्प को नई मजबूती देगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर की यह महत्वपूर्ण परियोजना पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और कानपुर रिंग रोड को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इससे आवागमन सुगम होगा, निवेश को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को मजबूत आधार मिलेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के तहत बनने वाला 117.7 किलोमीटर लंबा चार लेन का एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे भविष्य में छह लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा। परियोजना पूरी होने के बाद कानपुर से कबरई तक का सफर, जो वर्तमान में लगभग साढ़े तीन घंटे का है, घटकर करीब डेढ़ घंटे रह जाएगा।

हाईवे से उद्योग, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बड़ा फायदा

यह हाईवे कानपुर, कबरई, सागर, भोपाल और मध्य प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के बीच तेज और सुगम संपर्क स्थापित करेगा। इससे उत्तर प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों का मध्य प्रदेश के खनिज, कृषि और विनिर्माण क्षेत्रों से बेहतर जुड़ाव होगा, जिससे व्यापार, उद्योग और माल परिवहन को नई गति मिलने की उम्मीद है। परियोजना से रोजगार के क्षेत्र में भी बड़ा लाभ मिलने का अनुमान है। निर्माण कार्य के दौरान लगभग 1.2 करोड़ मानव-दिवस प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

संबंधित समाचार