Kanpur News : सांसद रमेश अवस्थी ने CM ग्रिड की सड़कों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा पर सख्त निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर में सांसद रमेश अवस्थी ने CM ग्रिड की सड़कों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर सख्त निर्देश दिए। धंसी सड़कों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत के आदेश दिए।

कानपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी सड़कों की दशा को समय पर सुधारने में संबंधित विभाग के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। यहां तक सीएम ग्रिड की सड़क भी अभी तक कोई पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में शहर में प्रधानमंत्री का जुलाई में दौरा भी प्रस्तावित है। सीएम ग्रिड की सड़कों की गुणवक्ता व समय पर कार्य पूरा हो सके, इसलिए बुधवार को सांसद रमेश अवस्थी ने खुद निर्माण कार्यों का गहनता से निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवक्ता से किसी भी प्रकार खिलवाड़ न किया जाए।  

सांसद रमेश अवस्थी ने बुधवार दोपहर दीप टॉकीज रोड, साकेत नगर, अलंकार गेस्ट हाउस से सोटे वाले हनुमान मंदिर तक और घंटाघर से ग्रीन पार्क तक बन रही सड़क का निरीक्षण किया। इसके बाद अंत में सांसद के आवास के बाहर स्वरूप नगर रोड की स्थिति भी देखकर संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने नगर निगम के मुख्य अभियंता एफएस जैदी को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सांसद रमेश अवस्थी ने आवासीय क्षेत्रों की सड़कों पर निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य इस प्रकार कराया जाए, जिससे स्थानीय निवासियों को अपने घरों तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। क्योंकि कई जगहों पर जहां पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है, वहां से शिकायतें आ रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य जनता को सुविधा देना है, असुविधा नहीं। इसलिए निर्माण एजेंसियां और संबंधित विभाग जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

वहीं, सांसद ने निर्माण क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से सुना। लोगों ने सांसद को निर्माण कार्यों में खामियों व असुविधाओं की जानकारी दी, जिसपर उन्होंने मौके पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। कहा कि विकास कार्यों के नाम पर जनता को किसी भी प्रकार का कष्ट नहीं होना चाहिए। इस दौरान विधायक महेश त्रिवेदी, विधान परिषद सदस्य सलिल बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, भाजपा जिला सोशल मीडिया संयोजक उपेंद्र शुक्ला, पार्षद अवधेश त्रिपाठी, विनीत दुबे, दीपक शुक्ला सहित नगर निगम, जल निगम के अभियंता व संबंधित विभागों के अधिकारी रहे।

कुछ स्थानों पर धंसी मिली सड़क 

सांसद को जिन जगहों पर निरीक्षण किया, उनमे से कई जगहों पर उन्हें सड़क धंसी भी मिली और कुछ लोगों ने इस संबंध में मौके पर शिकायतों की, जिसपर उन्होंने काफी नाराजगी व्यक्त कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी सड़क धंसने या निर्माण संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त हो, उसका तत्काल संज्ञान लेकर शीघ्र मरम्मत किया जाए। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि शहर की जनता को बेहतर सड़कें और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।

संबंधित समाचार