Bareilly News : सेंट्रल जेल से फरार कैदी दिनेश पर 25 हजार का इनाम
पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं, अभी तक नहीं लगा सुराग
बरेली, अमृत विचार। केंद्रीय कारागार के कृषि फार्म से फरार कैदी दिनेश को पकड़ने के लिए पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हालांकि, तीसरे दिन भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। एसएसपी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
सेंट्रल जेल के कृषि फार्म से 22 जून को पुलिस कर्मियों को चकमा देकर कैदी दिनेश फरार हो गया था। वह पॉक्सो एक्ट के तहत आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। वह जनपद अमरोहा के थाना डिडौली क्षेत्र के नन्हेड़ा राजपूत गांव का निवासी है। एसएसपी अनुराग आर्य ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
अमरोहा समेत दूसरे जिलों की पुलिस से संपर्क साधा
सेंट्रल जेल से भागे कैदी दिनेश का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। स्थानीय पुलिस ने अमरोहा समेत दूसरे जिलों की पुलिस से संपर्क साधा है। कई नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है। जेल का स्टाफ भी पुलिस के साथ लगा है। जिस जगह पर दिनेश काम कर रहा था उससे पांच सौ मीटर की दूरी पर ही जेल के फार्म की दीवार है। ये दीवार केवल पांच फुट ऊंची है, जिससे कोई भी आसानी से दूसरी ओर कूद सकता है। जेल के कैमरों में भी उसकी कोई फोटो नहीं मिली है। पुलिस की टीमें रेलवे स्टेशन, बसों में उसकी तलाश कर रहीं हैं। दूसरे जिलों में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
