Rampur News : महिला का जीआरपी पुलिसकर्मी पर अभद्रता करने का आरोप
रेलवे पुलिस का कांस्टेबल पर शराब के नशे में की अभद्रता
बिलासपुर, अमृत विचार। रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात रेलवे पुलिस के एक कांस्टेबल ने शराब के नशे में धुत होकर एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, उसके साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसका हाथ मरोड़ दिया। इतना ही नहीं सिपाही ने पीड़ित परिवार की बाइक को भी गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़िता ने स्टेशन मास्टर को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी एक महिला शुक्रवार को अपने देवर के साथ गांव कोठा जागीर स्थित रेलवे स्टेशन पर टिकट बनवाने गई थीं। पीड़िता का आरोप है कि उसी दौरान वहां मौजूद रेलवे पुलिस का एक कांस्टेबल शराब के नशे में धुत था। कांस्टेबल ने महिला को देखकर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। पीड़िता उसे अनसुना कर अपना काम करती रहीं, लेकिन जब उनके देवर ने इस अमर्यादित व्यवहार का विरोध किया, तो कांस्टेबल आक्रामक हो गया। उसने महिला के साथ सरेआम छेड़छाड़ की और उसका हाथ मरोड़ दिया। साथ ही वर्दी का रौब दिखाते हुए कांस्टेबल दोनों को धमकाने लगा। इसके बाद कांस्टेबल जबरन उनकी बाइक पर बैठ गया और उसे जमीन पर गिरा दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। देखते ही देखते हंगामा खड़ा हो गया। तभी वहां ड्यूटी पर तैनात एक अन्य कांस्टेबल उसे अपने साथ लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना से आहत पीड़िता ने पहले डायल-112 से शिकायत की। इसके बाद कांस्टेबल पर कार्रवाई के लिए पीड़िता ने स्टेशन मास्टर को एक शिकायती पत्र सौंपा। कहा कि स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की निष्पक्ष जांच कराई जाए। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि एक पीड़िता शिकायती पत्र लेकर कोतवाली पहुंची थी। लेकिन मामला रेलवे पुलिस से संबंधित है। इसमें कार्रवाई रेलवे पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाएगी। साथ ही वह भी अपने स्तर से जांच पड़ताल कर रहे हैं।
