अखिलेश यादव का बड़ा आरोप : "नदियां नहीं बजट साफ, लखनऊ में गुम हो रही गोमती"

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नदियों के संरक्षण और साफ-सफाई को लेकर सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। अखिलेश यादव ने कहा कि, नदियों की हालत खराब है। सिर्फ कागजों पर नदियां साफ हो रही हैं। लखनऊ में गोमती गुम होती जा रही है। यमुना नदी भी बेहाल है। डबल इंजन सरकारें दावे तो बड़े-बड़े करती है, लेकिन गंगा, यमुना, गोमती, काली नदी समेत प्रदेश की तमाम दूसरी नदियों की दुर्दशा कर रखी है। 

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बजट साफ हो गया, लेकिन नदियां साफ नहीं हो पायी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने नदियों की सफाई के लिए गोमती रिवर फ्रंट का मॉडल बनाया था। नाले का गंदा पानी नहीं आए, इसकी व्यवस्था की। लेकिन भाजपा सरकार ने सब बर्बाद कर दिया। आज स्थिति ये है कि गंदे नाले नदी में जा रहे है। गोमती अपने अस्तित्व के लिए जूझ रही है। पानी है नहीं, नदी की धारा थम रही है। 

इसी तरह से प्रदेश की दूसरी नदियों का बुरा हाल है। सपा प्रमुख का आरोप है कि सरकार की गलत नीतियों से प्रदेश में जल प्रदूषण, वायु प्रदूषण समेत अन्य समस्यायें विकराल रूप धारण कर रही है। नदियों की सफाई के लिए बजट में भारी लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने मां गंगा की सफाई का झूठा वादा किया। हजारों करोड़ रूपये का बजट खर्च हो गया, लेकिन गंगा नदी की स्थिति जस की तस है। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर नदियों की सफाई का अभियान शुरू होगा। गोमती रिवर फ्रंट मॉडल पर प्रदेश की दूसरी नदियां साफ करके उन्हें प्रदूषण मुक्त किया जाएगा।

संबंधित समाचार