Bareilly News: बरेली में जमीन विवाद के दौरान तीन माह के मासूम की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ बड़ा खुलासा

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

बरेली, अमृत विचार। जिले के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के हरेली अलीपुर गांव में तीन माह के मासूम की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। गांव में जमीन को लेकर सगे भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई।

मां की गोद से गिरा बच्चा

बताया जा रहा है कि झगड़ा शांत कराने के लिए एक महिला अपने तीन माह के बेटे को गोद में लेकर मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट के बीच बच्चा उसकी गोद से छिटककर जमीन पर गिर गया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा

शुरुआत में परिवार इस घटना को हादसा मान रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बच्चे के सीने में गंभीर चोट लगी थी। इस चोट के कारण आंतरिक रक्तस्राव हुआ, जो उसकी मौत की वजह बना। रिपोर्ट आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया।

पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज

मृतक पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

आरोपी हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने एक आरोपी और उसके पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत का कारण सीने में लगी गंभीर चोट बताया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- Bareilly News: बरेली की नई जिला जेल में बंदियों की शिफ्टिंग शुरू, पहले चरण में 150 कैदी पहुंचे, महिला बंदियों के लिए अलग सेल

संबंधित समाचार