पीलीभीत में योग दिवस से पहले स्वच्छता अभियान: डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह ने लगाई झाड़ू, निकाली जागरूकता रैली
पीलीभीत, अमृत विचार। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पहले पीलीभीत में विशेष स्वच्छता और जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। शहरवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील भी की गई।
डीएम ने लगाई झाड़ू
सदर तहसील परिसर और गांधी स्टेडियम के आसपास चलाए गए अभियान में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह समेत कई अधिकारियों ने झाड़ू लगाकर सफाई की। डीएम ने कहा कि उद्देश्य केवल सरकारी परिसरों को स्वच्छ रखना नहीं, बल्कि हर नागरिक को सफाई के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने सभी वार्डों के पार्षदों से अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने की अपील की।

गांधी स्टेडियम में होगा आयोजन
जिलाधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जिलेभर में व्यापक तैयारियां की गई हैं। सभी ब्लॉक, तहसील और मुख्य रूप से गांधी स्टेडियम में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की। इस दौरान एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह और ईओ संजीव कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
निकाली गई जागरूकता रैली
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से जन जागरूकता रैली भी निकाली गई। यह रैली विकास भवन से शुरू होकर गांधी स्टेडियम तक पहुंची। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

अधिकारियों ने दिया संदेश
रैली और स्वच्छता अभियान में सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्र, डीडीओ संजय कुमार, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी अन्नपूर्णा मिश्रा और क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी बीसलपुर छविराम सिंह समेत कई अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने लोगों से स्वच्छता और योग को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
ये भी पढ़ें:- Pilibhit News: पीलीभीत में मासूम से दुष्कर्म के विरोध में हनुमान दल का धरना, आरोपी को फांसी देने की मांग
