गोंडा में तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार दंपति और नाती को रौंदा, परिवार के मुखिया की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के धानेपुर कस्बे में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने साइकिल सवार पति-पत्नी और उनके नाती को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में परिवार के मुखिया की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और नाती गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

रिश्तेदारी से घर लौट रहा था परिवार

धानेपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत रामपुर दुबावल के मजरा बेचूपुरवा निवासी संतोषी कनौजिया शुक्रवार को अपनी पत्नी महारानी और नाती कार्तिक के साथ नई साइकिल से रिश्तेदारी में इटहनवा गांव गए थे। शनिवार सुबह तीनों साइकिल पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान धानेपुर कस्बे में फर्रासपुरवा मार्ग के मोड़ के पास स्थित बाबा टेंट हाउस के निकट सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया।

लखनऊ ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोषी कनौजिया और उनके नाती कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि साइकिल के कैरियर पर बैठी पत्नी महारानी भी चोटिल हो गईं। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर उतरौला की ओर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तत्काल तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मुजेहना पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में संतोषी की हालत बेहद नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत लखनऊ रेफर किया, लेकिन दुर्भाग्यवश लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार में कोहराम

घटना के बाद पुलिस ने मृतक संतोषी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल नाती कार्तिक और पत्नी महारानी का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। इस हादसे से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव के निवासी और पूर्व बीडीसी गोविंद शरण द्विवेदी उर्फ भल्ले महाराज ने बताया कि संतोषी अपने परिवार के मुखिया थे और घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी इस तरह असमय मौत हो जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। धानेपुर के प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है और फरार कार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें  : 
छिवकी स्टेशन पर बनेगा देश का पहला 24x7 'रेल लोको रेस्टोरेंट', पुराने रेल इंजन में बैठकर ले सकेंगे स्वादिष्ट व्यंजनों का मजा

 

संबंधित समाचार