योगमय यूपी, 1.42 करोड़ स्कूली बच्चे रचेंगे इतिहास, काशी के सिगरा स्टेडियम में 'ॐ' की गूंज से शुरू होगा महा-अभियान

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ/वाराणसी: उत्तर प्रदेश 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को एक नया कीर्तिमान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस बार राज्य के गांव से लेकर शहर तक सभी विद्यालय परिसर योगमय माहौल के साक्षी बनेंगे। वहीं, बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में सेहत और अध्यात्म का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

उत्तर प्रदेश में बनेगा नया कीर्तिमान, 1.42 करोड़ बच्चे करेंगे योग

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को एक जन आंदोलन बनाने के लिए छात्रों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और अभिभावकों की व्यापक भागीदारी तय की है।

स्कूलों में सामूहिक योगाभ्यास की रूपरेखा

परिषदीय विद्यालय: राज्य के 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों के करीब 1.42 करोड़ छात्र-छात्राएं इस महा-अभियान का हिस्सा बनेंगे।

कस्तूरबा गांधी विद्यालय: 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 78 हजार से अधिक छात्राएं सामूहिक योगाभ्यास करेंगी।

नोडल अधिकारी: कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय (Coordination) के लिए शिक्षा निदेशक बेसिक अनिल भूषण चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देश पर 21 जून को सभी स्कूलों में सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम और योग के महत्व पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में बच्चों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय समुदाय की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि योग का संदेश हर वर्ग तक पहुंच सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश ने योग को स्कूली जीवन और जनस्वास्थ्य से जोड़ने में उल्लेखनीय काम किया है, जिससे छात्रों में अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित हो रही है।

काशी में बहेगी योग की गंगा, 'ॐ' के उच्चारण से होगा शंखनाद

21 जून की सुबह जब सूर्य की पहली किरण वाराणसी की पवित्र धरती को छुएगी, तब सिगरा स्टेडियम में 'ॐ' के उच्चारण और मंत्रों की गूंज के साथ योग उत्सव की भव्य शुरुआत होगी। आनंद-कानन के नाम से विख्यात काशी में यह आयोजन केवल शारीरिक कसरत नहीं, बल्कि मन और आत्मा को जोड़ने वाला एक उत्सव बनेगा।

नगर निगम की ओर से पुख्ता इंतजाम

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस महापर्व को लेकर नगर निगम की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 21 जून की सुबह ठीक छह बजे सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास शुरू होगा, जहां हजारों की संख्या में लोग एक साथ प्राणायाम और आसनों के जरिए 'स्वस्थ जीवन' का संदेश देंगे। 

आयोजन की महत्ता को रेखांकित करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा 

"योग हमारी प्राचीन सनातन संस्कृति का अनमोल उपहार है। काशी हमेशा से ज्ञान, ध्यान और अध्यात्म का केंद्र रही है।"

उन्होंने संपूर्ण काशीवासियों, प्रबुद्ध जनों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों से आह्वान किया है कि वे इसे केवल योग दिवस के दिन ही नहीं, बल्कि अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं ताकि काशी से पूरे विश्व में सेहत और शांति का सकारात्मक संदेश जाए।

तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नगर निगम इस आयोजन को भव्य और सुचारू बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह छह बजे से शुरू होने वाले इस सत्र के लिए मैट, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नगर आयुक्त ने पूरी टीम को निर्देश दिए हैं कि आने वाले योग साधकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अनुभवी योग गुरुओं की देखरेख में प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास कराया जाएगा, ताकि हर आयु वर्ग के लोग आसानी से इसका लाभ उठा सकें

ये भी पढ़ें  : 
लखनऊ के केडी सिंह स्टेडियम में भव्य योग शिविर का आयोजन, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सहित कई दिग्गज हुए शामिल

संबंधित समाचार