Gorakhpur News : सदर तहसील में हुआ समाधान दिवस का आयोजन, 20 मामलों का मौके पर निस्तारण
उप जिलाधिकारी (सदर) दीपक गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में जमीन विवाद, अवैध निर्माण, पैमाइश, नगर निगम कर, सड़क चौड़ीकरण तथा बुनियादी सुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देशों के साथ भेज दिया गया।
गोरखपुर। गोरखपुर की सदर तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 193 फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें से 20 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। उप जिलाधिकारी (सदर) दीपक गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में जमीन विवाद, अवैध निर्माण, पैमाइश, नगर निगम कर, सड़क चौड़ीकरण तथा बुनियादी सुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देशों के साथ भेज दिया गया।
समाधान दिवस में जं. सालिकराम क्षेत्र के रामप्रसाद और रामपत ने अपनी भूमि पर कथित अवैध निर्माण की शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप था कि संबंधित भूमि पर बिना वैध अधिकार के बैनामा कर निर्माण कराया जा रहा है, जबकि न्यायालय पूर्व में संबंधित आदेश को निरस्त कर चुका है। इस पर एसडीएम ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम मंगलपुर निवासी बिन्द्रेश निषाद ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल तोड़े जाने की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि बाउंड्रीवाल ध्वस्त होने से विद्यालय असुरक्षित हो गया है तथा बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने दो बच्चों के दुर्घटनाग्रस्त होने का भी उल्लेख किया। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग को जांच कर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने के निर्देश दिए। जंगल अखलाख कुंवर क्षेत्र के विरजू ने भूमि की पैमाइश न होने की शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से शिकायतों के बावजूद सही पैमाइश नहीं की जा रही है।
एसडीएम ने राजस्व विभाग की टीम को निष्पक्ष पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार महुई सुघरपुर निवासी गोविंद प्रकाश त्रिपाठी ने नगर निगम द्वारा गृहकर और जलकर का गलत बिल जारी किए जाने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि उनकी संपत्ति के आकार की तुलना में अधिक कर लगाया गया है। इस मामले में भी जांच के आदेश दिए गए।
समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण
एसडीएम गुप्ता ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उनका समाधान किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। समाधान दिवस में नायब तहसीलदार अरविंद नाथ पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कानूनगो और लेखपाल उपस्थित रहे।
