मिर्जापुर : फर्जी प्रमाण पत्रों से पुलिस में भर्ती 8 सिपाही बर्खास्त, मुदकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मिर्जापुर/अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर (मीरजापुर) में यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। खुद को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार से बताकर 8 अभ्यर्थी सिपाही बन गए। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद प्रतापगढ़ जनपद में तैनाती भी मिल गई। लेकिन जांच में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित के उनके प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने से विभाग में हड़कंप मच गया।

विभागीय जांच के बीच पुलिस ने सभी 8 सिपाहियों को नौकरी से बर्खास्त करते हुए उनके विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। मामला 2023 की सिपाही भर्ती से जुड़ा है। मिर्जापुर के आठ अभ्यर्थियों ने सिपाही बनने जाली प्रमाण पत्रों का सहारा लिया। खुद को स्वतंत्रा संग्राम सेनानी परिवार से बताकर आश्रित कोटे के तहत आवेदन किया और इस आधार पर सिपाही बन गए।

इसमें मीरजापुर जनपद के जिगना थाना के परमानपुर गौरा गांव का रिक्रूट आरक्षी अभिषेक पांडेय पुत्र मनोज कुमार, रामपुर हंशवार गांव का रविशंकर पुत्र प्रभु नाथ शामिल हैं। इसके साथ ही विंध्याचल थाना के पट्टी सुपंथा गांव का प्रदीप कुमार पुत्र इंदमनी, जासा बधौरा गांव का अजय कुमार पुत्र जीत नारायन तथा शुभम दुबे पुत्र संजय, भोसिंह का पूरा गांव की खुशबू गुप्ता पुत्री राजेश गुप्ता, सरोई गांव का आकाश मिश्रा पुत्र अरुण कुमार मिश्रा, कोतवाली कटरा के बथुआ महुअरिया गांव का दिव्यांशु यादव पुत्र परमेश्वर यादव शामिल है।

ट्रेनिंग के बाद तीन महीने पहले इन सभी को प्रतापगढ़ जनपद के अलग-अलग थानों में पोस्टिंग मिल गई। इस बीच किसी ने इनके फर्जीवाड़े की शिकायत कर दी। पुलिस ने जांच की तो पूरा खेल खुलकर सामने आ गया। दरअसल, जिस आश्रित कोटे के तहत आठों अभ्यर्थी पुलिस में भर्ती हुए थे असल में उन लोगों का दूर-दूर तक किसी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार से वास्ता नहीं मिला। 

जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद आठों सिपाहियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। प्रतापगढ़ में रिक्रूट ट्रेनिंग कैंप के प्रभारी रहे उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। 

सिपाही के पिता हैं मास्टरमाइंड 

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित के फर्जी प्रमाण पत्रों का मास्टरमाइंड सिपाही शुभम दुबे के पिता संजय दुबे को बताया जा रहा है। पुलिस ने शुरुआती जांच में इस फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा किया है। इस घटना ने मिर्जापुर से लेकर प्रतापगढ़ तक हलचल मचा दी है। बहरहाल, इस मामले में कार्रवाई की स्थिति जानने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस से संपर्क किया गया है। उनका जवाब आने पर खबर अपडेट की जाएगी। 

प्रतापगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने कहा कि मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। वहीं, सीओ सिटी प्रशांत राज के मुताबिक, सभी आरोपियों के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। संबंधित रिपोर्ट उच्च अधिकारियों भेजी गई है। इसके अलावा अन्य पहलुओं पर भी जांच-पड़ताल की जा रही है।

संबंधित समाचार