राम मंदिर चढ़ावा विवाद: सपा विधायक डॉ. आरके वर्मा ने पूछा- रामभक्त या लुटेरे? फेसबुक पोस्ट से मचा बवाल
प्रतापगढ़, अमृत विचार। जिले की रानीगंज विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. आरके वर्मा ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर भाजपा और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। शनिवार को की गई उनकी फेसबुक पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
पोस्ट में उठाए तीखे सवाल
डॉ. आरके वर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा, "हे राम... क्या-क्या लूट गया। न वहां मुगल थे, न गजनवी, न गोरी, न खिलजी... धर्म के नाम पर धंधा करने वाले यह रामभक्त हैं या लुटेरे?" उन्होंने यह भी लिखा कि रामलला के हीरा जड़ित हार और सोने की चरण पादुकाओं के चोरी होने की खबरें सामने आ रही हैं। विधायक की इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है।
मंदिर व्यवस्था पर उठाई जवाबदेही
सपा विधायक ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और जवाबदेही पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि भगवान के घर में चढ़ावे और कीमती वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो आम जनता व्यवस्था पर कैसे भरोसा करेगी। उन्होंने इस पूरे मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
पहले भी कर चुके हैं विवादित पोस्ट
यह पहला मौका नहीं है जब डॉ. आरके वर्मा की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आई हो। इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सांसद कंगना रनौत को लेकर भी पोस्ट की थी। उस मामले में भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह की शिकायत पर उनके खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले पर की गई इस नई पोस्ट के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। फिलहाल विधायक की टिप्पणी को लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है, जबकि इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें:- Pratapgarh News: कंगना रनौत पर सपा विधायक डॉ. आरके वर्मा ने की विवादित टिप्पणी, FIR दर्ज कर जांच में जुटी साइबर पुलिस
