चित्रकूट : घूसखोरी का ऑडियो वायरल होने पर एसपी सख्त, दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी सस्पेंड

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

पुलिस अधीक्षक ने दिखाया कड़ा रुख, जांच सीओ को सौंपी 

चित्रकूट, अमृत विचार। सोशल मीडिया पर आडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने सख्ती दिखाते हुए दो यातायात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सीओ यातायात को सौंपी गई है। एसपी के रुख से माना जा रहा है कि अभी इन पुलिसकर्मियों पर और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

गौरतलब है कि बीते दिनों यातायात पुलिसकर्मियों से एक ट्रक चालक की बातचीत का आडियो वायरल हुआ था। (हालांकि ‘अमृत विचार’ इसकी पुष्टि नहीं करता।) आडियो में हेड कांस्टेबिल यातायात सरोज ट्रक चालक से एक हजार रुपये जमा करने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। बताया जाता है कि यह आडियो दो दिन पहले का है और लोढ़वारा मोड़ पर नो इंट्री प्वाइंट से ट्रक निकालने के एवज में चालक से पैसे की मांग की जा रही है। 

सोशल मीडिया पर जैसे ही यह आडियो वायरल हुआ, पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि वायरल आडियो की जांच प्रभारी यातायात से कराई गई। उन्होंने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया कि आडियो में आवाज मुख्य आरक्षी यातायात हवलदार सरोज की है। 

एसपी ने बताया कि सरोज और ट्रक चालक के बीच नो इंट्री प्वाइंट पर मौजूद आरक्षी कमलेश कुमार ने अपने मोबाइल से कराई थी। एसपी ने बताया कि प्रभारी यातायात की रिपोर्ट के आधार पर मुख्य आरक्षी सरोज व आरक्षी कमलेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी यातायात यामीन अहमद को सौंपी गई है।

ये भी पढ़ें  : 
जौनपुर में गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किए गए ताजिए, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम 

संबंधित समाचार