Kanpur News: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन, मंत्री राकेश सचान होंगे मुख्य अतिथि
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को प्रातः छह बजे ग्रीन पार्क स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कानपुर नगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को प्रातः छह बजे ग्रीन पार्क स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को सरसैया घाट पर आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" निर्धारित की गई है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने ग्रीन पार्क में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए पेयजल, पार्किंग, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि ग्रीन पार्क के अतिरिक्त जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों तथा नगर निगम द्वारा चिन्हित पार्कों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा भीतरगांव के प्राचीन मंदिर परिसर तथा बिठूर स्थित नानाराव पार्क सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों पर भी योगाभ्यास कराया जाएगा। बैठक में बताया गया कि ब्रह्माकुमारी, गायत्री परिवार, आर्ट ऑफ लिविंग सहित विभिन्न सामाजिक एवं योग संस्थाएं कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी।
आयुष विभाग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक विभिन्न स्थलों पर योगाभ्यास कराएंगे तथा लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। श्री सिंह ने बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपदवासी योग दिवस से संबंधित अपनी फोटो और वीडियो राज्य आयुष विभाग के पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी, सदर उपजिलाधिकारी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी कप्तान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
