Prayagraj News : MBBS छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मामले के जांच में जुटी पुलिस
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित यूनाइटेड मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में शनिवार को एक एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सृष्टि मिश्रा (22) पुत्री अनुराग मिश्रा के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश की निवासी थी और यूनाइटेड मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा शुक्रवार रात तक सामान्य थी, लेकिन शनिवार सुबह उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
जानिए क्या बोली पुलिस
पुलिस का कहना है कि छात्रा की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। बताया गया है कि मृतका का भाई भी चिकित्सक है और दूसरे जनपद में कार्यरत है। सूचना मिलने के बाद वह प्रयागराज के लिए रवाना हो गया है। एयरपोर्ट थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि परिजनों के प्रयागराज पहुंचने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।
