Sitapur News: 7 फेरे लेने के बाद पेड़ से फंदा लगाकर प्रेमी युगल ने दी जान, परिजनों में कोहराम
पेड़ के नीचे सिंदूर, बिंदी और सुहाग का अन्य श्रृंगार सामान बिखरा हुआ था। पेड़ के चारों तरफ फेरों के स्पष्ट निशान थे और मृतका रजनी की मांग में ताजा सिंदूर भरा हुआ था।
सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के नैमिषारण्य क्षेत्र से शनिवार सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां के रहने वाले एक प्रेमी युगल ने आम के पेड़ से फंदा लगाकर सुसाइड कर ली। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह रामपुर खेवट गांव के लोग जब अपने खेतों की तरफ जा रहे थे, तभी आम के बाग में आम के पेड़ पर रजनी (17) एवं वंश (21) के शव लटके मिले। दोनों कल शाम से गांव से लापता थे, उनकी खोजबीन घर के लोग कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि प्रेमी युगल ने प्रेम संबंधों में बाधा के कारण आत्महत्या की है। रजनी का विवाह तय हो चुका था और कुछ दिनों पहले तिलक की रस्म पूरी हुयी थी। मौके पर सिंदूर, श्रृंगार का सामान आम के पेड़ के नीचे से बरामद हुआ है।
फेरे लेने के बाद लगाई फांसी
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों के शव गांव के बाहर एक पेड़ पर एक ही दुपट्टे के दो अलग-अलग फंदों से लटके देखे। मौके का नजारा हैरान करने वाला था। पेड़ के नीचे सिंदूर, बिंदी और सुहाग का अन्य श्रृंगार सामान बिखरा हुआ था। पेड़ के चारों तरफ फेरों के स्पष्ट निशान थे और मृतका रजनी की मांग में ताजा सिंदूर भरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या करने से ठीक पहले दोनों ने उसी पेड़ को साक्षी मानकर सात फेरे लिए, शादी रचाई और फिर हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए।
