Baghpat News : बागपत में तालाब की जमीन पर बने अवैध ढांचे को प्रशासन ने किया ध्वस्त, जानिए पूरा मामला
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के राजपुर खामपुर गांव में तालाब की जमीन पर बने एक अवैध ढांचे को प्रशासन ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शनिवार को ध्वस्त कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार इस ढांचे का उपयोग मस्जिद के रूप में किया जा रहा था। प्रशासन ने हालांकि इसे राजस्व अभिलेखों में दर्ज तालाब की भूमि पर निर्मित 'अवैध ढांचा' बताया है।
अपर जिलाधिकारी (एडीएम) विनीत कुमार उपाध्याय ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि बागपत तहसील के राजपुर खामपुर गांव में तालाब की 0.0262 हेक्टेयर जमीन पर बने अवैध ढांचे को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा राजस्व अभिलेखों के आधार पर की गई। उपाध्याय ने कहा, ''एक अवैध ढांचा था। न्यायालय की प्रक्रिया का अनुपालन करते हुए उसका ध्वस्तीकरण किया गया है। यह तालाब की भूमि पर बना हुआ था।''
अधिकारियों के अनुसार, सरकारी तालाब की भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर गांव के निवासी गुलसेर ने कई वर्ष पहले शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में यह मामला उच्च न्यायालय पहुंचा, जहां प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में चला बुलडोजर
प्रशासन ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शनिवार को राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर की सहायता से ढांचे को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। एडीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था और मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।
