Muharram 2026: 'या हुसैन' की सदाओं के बीच निकला मोहर्रम का जुलूस, अकीदतमंदों ने नम आंखों से निकाले ताजिए ; सुरक्षा बल तैनात
डीजे पर बज रहे मातमी कलाम के बीच अकीदतमंदों ने निकाले ताजिए देर शाम कर्बला में हुए सुपुर्द-ए-खाक, चप्पे-चप्पे पर तैनात रही फोर्स
गोंडा, अमृत विचार टीम : जिले भर में मोहर्रम का जुलूस गमजदा माहौल में निकाला गया। या हुसैन की सदाओं के बीच निकाले गए जुलूस को सही सलामत कर्बला तक पुलिस ने पहुंचाने का काम किया। चौक चौराहे पर पुलिस तैनात रही। जुलूस के साथ मजिस्ट्रेट व फोर्स के जवान चल रहे थे। गोंडा नगर में शुक्रवार को दोपहर में ही ताजिए उठ गए।
ताजिएदारों ने भीषण गरमी के बीच आगे बढ़ते रहे और मातमी गीत चलता रहा। वहीं करनैलगंज क्षेत्र में शुक्रवार को मोहर्रम का जुलूस पूरे अकीदत और अनुशासन के साथ निकाला जा रहा है। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से निकले ताजियों के साथ बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हैं। जुलूस के दौरान या हुसैन-या हुसैन के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। डीजे पर मातमी कलाम बजते रहे और लोग हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए आगे बढ़ते रहे।

नगर का मुख्य जुलूस बकाई चौराहा-नई बाजार से शुरू होकर गाड़ी बाजार, गुड़ मंडी, गुड़ाही बाजार, बालूगंज, कसगरान चौराहा, बालकराम पुरवा, सकरौरा चौराहा और लोहिया पुल होते हुए सकरौरा स्थित कर्बला की ओर बढ़ रहा है। भैरवनाथ पुरवा, बमपुलिस मोहल्ला और कटरा रोड से निकले ताजिए भी निर्धारित मार्गों से होते हुए मुख्य जुलूस में शामिल हो रहे हैं। परसपुर, कटरा बाजार, खरगूपुर, इटियाथोक, रामापुर, कौड़िया बाजार, आर्यनगर, मनकापुर, नवाबगंज, गौराचौकी, बभनान, मसकनवा, वजीरगंज, तरबगंज, बेलसर, उमरी बेगमगंज सहित अन्य सभी गांव व कस्बों से ताजिए निकालकर कर्बला तक ले जाया गया।
गोंडा शहर में एसपी विनीत जायसवाल, एएसपी राधेश्याम राय सहित सभी थाना प्रभारी व सर्किल आफिसर अपने अपने क्षेत्र में मुस्तैद रहे। कई स्थानों पर पीएसी के जवान भी लगाए गए थे। कटरा बाजार में सतईं जुलूस को लेकर विवाद हो गया था इसलिए प्रशासन ने यहां अतिरिक्त फोर्स तैनात किया था। देर शाम सभी ताजिए कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किए गए। यह प्रक्रिया पूरी रात चलती रही। मोहर्रम के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

अंजुमन सज्जादिया कमेटी के सदर शाहिद रजा कुरैसी, यावर हुसैन मुन्ना, रफील्लाह अंसारी, डॉ मुख़्तार आजाद, हाफिज शाबिर उर्फ़ गुड्डू, सिरताज कुरैशी, ननके, शान वारसी, अहमद अली आदि जुलूस में शामिल रहे। जुलूस मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात है। उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय, क्षेत्राधिकारी अभिषेक दावाच्या तथा प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय सहित अन्य अधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें :
जौनपुर में गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किए गए ताजिए, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
Muharram Accident: रतलाम में बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन से टकराया मुहर्रम का ताजिया; 3 की मौत, 10 झुलसे
