Barabanki News : झाड़-फूंक के दौरान व्यक्ति की मौत, जीभ काटने का आरोप; कथित तांत्रिक फरार, पत्नी और बेटा हिरासत में

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On


टिकैतनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। क्षेत्र के ग्राम खजुरी में झाड़ फूंक के नाम पर एक व्यक्ति की जीभ काट ली गई। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर खून की उल्टी भी हुई। इसके बाद गंभीर दशा में व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने तांत्रिक पर हत्या का आरोप लगाया है। इस बीच आरोपी फरार हो गया।  

जानकारी के अनुसार खजुरी गांव निवासी सुकई गौतम (40 वर्ष) पुत्र स्व. रामधीरज की गुरुवार रात संदिग्ध मौत हो गई। मृतक के भाई दुखीराम के अनुसार, गुरुवार दोपहर पड़ोस में एक घर के बाहर बैठे कथित तांत्रिक हिदायत उर्फ गुल्ले रसूल पुत्र रहमत अली ने सुकई को अपने पास बुलाया। आरोप है कि उसने सुकई को स्नान करने के लिए कहा और कुछ धार्मिक सामग्री मंगवाने के बाद झाड़-फूंक की। 

बाद में रात में फातिहा करने की बात कहकर घर के बाहर दीपक जलाने तथा आसपास किसी को न रहने देने की हिदायत दी। आरोप है कि शाम को तांत्रिक दोबारा आया और पानी में ताबीज डालकर सुकई को पिला दिया। रात करीब साढ़े आठ बजे सुकई ने तांत्रिक के बताए अनुसार घर के बाहर दीपक जलाया। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।

जानिए क्या बोले परिजन

परिजनों के अनुसार उसे खून की उल्टी हुई और कुछ देर बाद वह अचेत हो गया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने देखा कि उसकी जीभ कटी हुई थी और नाक-कान से खून निकल रहा था। थोड़ी देर बाद सुकई की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  पुलिस के अनुसार मौत के कारणों का स्पष्ट पता पीएम रिपोर्ट से ही चलेगा। उधर, घटना के बाद आरोपी तांत्रिक फरार हो गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके पुत्र और पत्नी को हिरासत में लिया है।

यह भी पढ़ें :-Barabanki News: दोस्ती का भरोसा पड़ा भारी, बैंक खाते से लाखों के संदिग्ध लेनदेन के बाद खाता फ्रीज, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार