Barabanki News: दोस्ती का भरोसा पड़ा भारी, बैंक खाते से लाखों के संदिग्ध लेनदेन के बाद खाता फ्रीज, जानें पूरा मामला
बाराबंकी। दोस्ती में बैंक खाता और एटीएम की जानकारी साझा करना एक एम-फार्मा छात्र को महंगा पड़ गया। शहर निवासी उत्कर्ष ने आरोप लगाया कि उसके परिचित युवक ने उसके बैंक खाते का इस्तेमाल कर लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन किए, जिसके बाद बैंक ने उसका खाता फ्रीज कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, दोस्त ने जरूरत बताकर खाते और एटीएम की जानकारी ली थी। 11 मार्च को खाते में कई बड़े ट्रांजेक्शन हुए और कुछ ही घंटों में एटीएम, पीओएस व यूपीआई के जरिए रकम निकाल ली गई। आरोप है कि उसके खाते से 92 हजार रुपये भी दूसरे खाते में ट्रांसफर कराए गए। बाद में बैंक खाता फ्रीज होने पर पूरे मामले की जानकारी हुई। पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई, जिसके आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक्सप्रेस वे पर ट्रक से लाखों का तेल चोरी
त्रिवेदीगंज: लोनीकटरा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस वे पर खड़ी ट्रक से करीब दो लाख की कीमत के सरसों तेल से भरे टीन चोरी कर लिए गए। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। राजस्थान के अलवर जिला निवासी अमित कुमार जैन का ट्रक 18 जून की रात करीब 2 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 30 नंबर प्वाइंट के पास खड़ा था। इसी दौरान लगभग 70 से 75 टीन सरसों का तेल चोरी हो गया। घटना के बाद चालक अनीश खान ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी तथा पुलिस को तहरीर भी दी। आरोप है कि कई बार अनुरोध करने के बावजूद थाना स्तर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक के जनता दर्शन में पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी अभिमन्यु मल्ल को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया है।
मोहर्रम जुलूस देख रहे युवक पर चाकू से हमला
हैदरगढ़ : सुबेहा थाना क्षेत्र में मोहर्रम की नवमी पर जुलूस देखने आए एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार अमेठी जिले के थाना शुकुलबाजार क्षेत्र के दारानगर निवासी कौशर बेग ने पुलिस को बताया कि उनका 18 वर्षीय भाई अन्नान बेग गुरुवार को अपने दोस्तों के साथ सुबेहा क्षेत्र के जगदीशवापुर गांव में मोहर्रम का जुलूस देखने गया था।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के अरमान, अयान, कैफ, फैज खान, सारिक और सलमान ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में अन्नान गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुलबाजार पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक बेचू सिंह यादव ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रेल पटरी पर मिले अधेड़ व किसान के क्षत विक्षत शव
बाराबंकी : बुढ़वल सीतापुर तथा बाराबंकी लखनऊ रेल लाइन पर एक अधेड़ व किसान के शव क्षत विक्षत अवस्था में पड़े मिले। इन हादसो के पीछे वजह सामने नहीं आ सकी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रामनगर प्रतिनिधि के अनुसार बुढ़वल सीतापुर रेल लाइन पर अधेड़ का क्षत-विक्षत शव मिला। ग्राम खेतौरा निवासी मैनेजर 55 बृहस्पतिवार की रात घर पर थे लेकिन देर रात उनका शव गांव के पास से गुजरी रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला। शव क्षत-विक्षत अवस्था में होने की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस को बताया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र राज सिंह ने बताया कि उनके पिता के कहीं जाने या ट्रेन से यात्रा करने की कोई जानकारी नहीं थी। ऐसे में हादसा कैसे हुआ, समझ से परे है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। उधर बाराबंकी लखनऊ रेल लाइन पर मल्हौर रेलवे स्टेशन के पास एक किसान का शव रेल पटरी किनारे मिला। मृतक की पहचान हो गई, उसका नाम अमरजीत 40 है और लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के ग्राम फूसू का पुरवा गांव का रहने वाला है। मृतक मूल रूप से खेती किसानी का काम करता था। घटना के बाद परिवार में रोना पिटना मच गया।
यह भी पढ़ें:-गोरखपुर पहुंचे CM योगी, एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का किया उद्घाटन
