Budaun News : सड़क हादसे के विवाद में पथराव, एक दर्जन घायल, हिरासत में नौ उपद्रवी
टेपों से क्षतिग्रस्त हुई थी बाइक, दुकानदार व चालक में पहले हो गया था समझौता
इस्लामनगर, अमृत विचार। कस्बा इस्लामनगर के मछली बाजार में शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दो मुस्लिम पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और छतों से ईंट-पत्थर बरसाए गए। बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पथराव और मारपीट में करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी भेजा गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी फटकारी। पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के डर से घायलों के नाम सामने नहीं आ पा रहे है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। पथराव और लाठी फटकारने के बाद मोहल्ले में अन्य घरों के लोगों में दहशत का माहौल है लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे है।
शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक मछली बाजार में दोपहर करीब तीन बजे मछली से भरा एक टेंपो बाजार पहुंचा। बाजार के मोड़ पर एक मीट विक्रेता की पल्सर बाइक दुकान के सामने खड़ी थी। इसी दौरान टेंपो चालक से बाइक में पीछे से टक्कर लग गई। जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक में हुई क्षति को लेकर टेंपो चालक और मीट विक्रेता के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। टेंपो चालक ने मछली बेचने के बाद शाम तक बाइक की मरम्मत के लिए रुपये देने का आश्वासन दिया।

बताया जा रहा है कि इसके बाद टेंपो चालक अपनी दुकान लगाने वाले दूसरे मीट विक्रेता के पास पहुंचा। घटना की जानकारी दी। दूसरे मीट विक्रेता ने कथित तौर पर रुपये देने से मना करने की सलाह दी। यह बात पहले मीट विक्रेता तक पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोगों ने आसपास की छतों पर चढ़कर एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से बाजार में भगदड़ मच गई। दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे जबकि राहगीरों में भी दहशत फैल गई। पथराव और मारपीट में मोहल्ला मछली बाजार निवासी आरिफ पुत्र हबीब, इमरान पुत्र फारूक, अमीर पुत्र फारूक समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

हिंसा के दौरान कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। पथराव में एक ट्रक, कई बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं जबकि एक मकान का शीशे का गेट भी तोड़ दिया गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां फटकारीं। उपद्रव कर रहे करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया व सीओ बिल्सी मौके पर पहुंचे। घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इलाके में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
