49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप : कानपुर के निशानेबाजों ने जीते 18 पदक, प्री-नेशनल के लिए किया क्वालीफाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

आराध्या और पैरा शूटर दीपक कुमार कनौजिया रहे आकर्षण का केंद्र, कई खिलाड़ियों ने प्री-नेशनल में बनाई जगह।

नई दिल्ली में आयोजित 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कानपुर की विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस शूटिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण, 9 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 18 पदक जीतकर प्री-नेशनल के लिए क्वालीफाई किया।

कानपुर, अमृत विचार। नई दिल्ली स्थित डॉ करणी सिंह शूटिंग रेंज में 20 से 30 जून तक आयोजित 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कानपुर की विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस शूटिंग एकेडमी के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण, 9 रजत और 4 कांस्य पदक सहित कुल 18 पदक जीतकर शहर का गौरव बढ़ाया। महिला पिस्टल वर्ग में आराध्या ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल सब यूथ महिला व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण पदक और 10 मीटर एयर पिस्टल महिला सीनियर वर्ग में कांस्य पदक जीता।

इसके अलावा आराध्या ने शिवांगी पांडे और आर्ची गुप्ता के साथ 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। कानपुर के एलेमको में कार्यरत पैरा राइफल शूटर दीपक कुमार कनौजिया ने चार पदक जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन पुरुष एसएच-1 वर्ग में स्वर्ण तथा 50 मीटर राइफल प्रोन मिक्स्ड एसएच-1, 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग पुरुष एसएच-1 और 10 मीटर एयर राइफल प्रोन मिक्स्ड एसएच-1 वर्ग में तीन रजत पदक जीते। 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल टीम स्पर्धा में मोहन मुरारी, अक्षय प्रताप सिंह और हर्षित की टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी तिकड़ी ने 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।

वहीं, सब यूथ महिला वर्ग में आराध्या, अनन्या सिंह और जलधिजा राठौर की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल तथा उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सिंह यादव ने सभी पदक विजेताओं को सम्मानित करते हुए प्री-नेशनल के लिए क्वालीफाई करने पर शुभकामनाएं दीं।

एकेडमी के सचिव व कोच मयंक खाड़े ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पैरा राइफल शूटर एवं कोच मोहम्मद उमर अपने शिष्य दीपक कुमार कनौजिया की उपलब्धि से उत्साहित हैं। प्रतियोगिता में एकेडमी के अल्तसा, वैष्णवी, तारा कुमारी, निशी शुक्ला, मोहम्मद इमाद, त्रिकेय सत्यार्थी, प्रभास सत्यार्थी, देवांशु प्रजापति, रुद्रांश बाजपेयी और अराधश्याम ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए प्री-नेशनल के लिए क्वालीफाई किया। एकेडमी की संयोजक संध्या देवी और डॉ. देवेंद्र कुमार सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। 

संबंधित समाचार