अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला, गिरफ्तार 8 आरोपियों के घरों पर पुलिस की बड़ी छापेमारी
अयोध्या। अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस ने मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई स्थानीय मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई और जांच का हिस्सा बताई गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान लव कुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रामाशंकर उर्फ टिन्नू यादव समेत सभी गिरफ्तार आरोपियों के आवासों की जांच की गई। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को जुटाने के लिए यह कार्रवाई की गई।
इससे पहले अयोध्या की अदालत ने सभी आठ आरोपियों को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। सोमवार को होने वाली पेशी के दौरान पुलिस आरोपियों की रिमांड मांग सकती है ताकि मामले में आगे की पूछताछ की जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामाशंकर उर्फ टिन्नू यादव शामिल हैं। ये सभी राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकद दान और कीमती सामान की गिनती से जुड़े कार्य में तैनात थे।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, जांच एजेंसियां अब तक 79.85 लाख रुपये बरामद कर चुकी हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की नौकर द्वारा चोरी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी का सामान रखने, आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह प्राथमिकी उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर दर्ज की गई थी। राम मंदिर चढ़ावे में कथित गबन के आरोप सामने आने के बाद राज्य सरकार ने 13 जून को एसआईटी का गठन किया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
