लखनऊ अग्निकांड : बुझ गए घरों के चिराग, जिंदगी बनाने निकले 15 छात्र हार गए जिंदगी! कलेजा चीर रहीं खौफनाक तस्वीरें
आग की लटों से घिरे कोचिंग सेंटर में जान बचाने के लिए तड़पते रहे बच्चे, दम घुटने से गश खाकर गिरे और फिर नहीं उठ पाए...
जवान बच्चों की लाशों पर मां-बाप तड़प रहे हैं। उनके घरों के चिराग बुझ गए। घटनास्थल अलीगंज से लेकर केजीएमयू अस्पताल तक मातमी सन्नाटा है। घरवाले सिसक रहे हैं। गम, गुस्सा और बेबसी के बीच कई सवाल हैं। सवाल ये भी कि क्या पिछले हादसों के बाद हमने कोई सबक लिया? बहरहाल, देश-प्रदेश को झकझोर देने वाले इस अग्निकांड पर मुख्यमंत्री योगी ने कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
अमृत विचार, लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ खौफनाक अग्निकांड से सिहर गई। जिंदगी संवारने निकले 15 छात्र जिंदगी हार गए। आग की लपटों से घिरे छात्रों की चीखें कलेजा चीर रही हैं। जवान बच्चों की लाशों पर मां-बाप तड़प रहे हैं। उनके घरों के चिराग बुझ गए। घटनास्थल अलीगंज से लेकर केजीएमयू अस्पताल तक मातमी सन्नाटा है। घरवाले सिसक रहे हैं। गम, गुस्सा और बेबसी के बीच कई सवाल हैं। सवाल ये भी कि क्या पिछले हादसों के बाद हमने कोई सबक लिया? बहरहाल, देश-प्रदेश को झकझोर देने वाले इस अग्निकांड पर मुख्यमंत्री योगी ने कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया है। कार्रवाई शुरू भी हो गई। बिल्डिंग मालिक, कोचिंग संचालक, पेट शॉप मालिक समेत चार गिरफ्तार हो गए हैं। चार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया। एसआईटी जांच में जुटी है।
अलीगंज के सेक्टर-डी में एक बिल्डिंग है। शुरुआती जांच में ये बिल्डिंग अवैध पाई गई है। नक्शा जरूर एलडीए से पास था, लेकिन निर्माण मनमर्जी से कराया गया। इस इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप है। पहली मंजिल पर वेयरहाउस। दूसरी मंजिल पर थ्री-डी एनिमिशेन कोचिंग सेंटर और गेमजिंग जोन था। 12वीं से लेकर ग्रेजुएशन तक के स्टूडेंट्स अपना भविष्य संवारने आते थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यहां ज्ञान नहीं बल्कि मौत मिलेगी?
पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे के आसपास बिल्डिंग में आग लग गई। कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पलभर में पूरी बिल्डिंग धधक उठी। दूसरी मंजिल पर कोचिंग में पढ़ाई कर रहे छात्र घिर गए। आग नीचे से लगी थी तो उतरने का कोई रास्ता नहीं था।
चीख-पुकार और अफरातफरी के बीच कुछ छात्रों ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। कोचिंग में धुआं भरने लगा। छात्र गश खाकर गिरने लगे। फायर ब्रिगेड को खबर दी गई, लेकिन हमेशा की तरह वह अपनी सुस्ती पर कायम रहा। फायर ब्रिगेड की टीम घटना के करीब 45 मिनट बाद पहुंची।
इस बीच स्थानीय लोगों के साथ पुलिस तड़पते छात्रों को बाहर निकलाने के लिए छटपटाती रही। भयंकर आग के बीच कोई रास्ता नहीं सूझा तो कुछ पुलिसवाले हथौड़ा लेकर दीवार तोड़ने में जुट गए। जिंदगियां बचाने की इस जद्दोजहद में उन्हें कामयाबी भी मिली।
दीवार तोड़कर कई छात्रों को बाहर निकाला गया। कुछ हिम्मत करके कैबिल के सहारे छत से नीचे उतर आए। दिल दहलाने वाले मंजर को देखकर हर कोई थर्रा गया। इसके बाद अफसरों की दौड़ शुरू हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घटना के वक्त अलीगढ़ में थे। जनसभा छोड़कर लखनऊ लौटे। इससे पहले डीजीपी राजीव कृष्णा और एसीएस संजय प्रसाद को घटनास्थल पर भेजा। उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी पहुंच गए। अधिकारियों के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
अग्निशमन विभाग के आग पर काबू पाने के बाद अंदर का मंजर कलेजा चीर गया। छात्रों के शव देखकर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक फफककर रोने लगे। बड़ी जनहानि देखते हुए अधिकारियों ने पूरा इलाका सील कर दिया। करीब 22 एंबुलेंस लगाकर घायल और मृतकों को निकालकर अस्पताल भेजा गया।
मुख्यमंत्री पहुंचे घटनास्थल
अलीगढ़ से लौटकर सीएम योगी सीधे घटनास्थल अलीगंज पहुंचे। हालात का जायजा लिया। उसके बाद घायलों से मिलने केजीएमयू अस्पताल गए। परिजनों को सांत्वाना दी। डॉक्टरों को अच्छे से अच्छा इलाज करने का निर्देश। देररात को सीएम ने उच्चस्तरीय बैठक की। दो सदस्यीय एसआईटी के गठन का निर्देश दिया। एसआईटी ने रात में ही काम शुरू कर दिया। अलीगंज थाने में छह लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कराई। रात में ही बिल्डिंग मालिक, कोचिंग संचालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पहली नजर में अवैध बिल्डिंग निर्माण में दोषी चार अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया। एसआईटी सात दिनों में अपनी जांच रिपोर्ट देगी।
हादसे में इन 15 छात्रों ने गंवाई जान
सुखमनी (24), लखनऊ
नीलेश (27), निवासी हजरतगंज, लखनऊ
अब्दुल रहमान (24), बिसवां, सीतापुर
आदित्य श्रीवास्तव (24), बिसवां, सीतापुर
मोहम्मद अम्मार (24) लेखपड़ा बाग, बाराबंकी
संयम विज (27) कानपुर
सागर (28), लखनऊ
ज्योति (26), निवासी ज्ञान विहार कॉलोनी कमता लखनऊ
शहजान सिद्दीकी (18) बीकेटी, लखनऊ
अनुक्षा (24), अवध शिल्पग्राम शांतिनगर
जैनिल (26), अनूपपुर भालुमुड़ा मध्य प्रदेश
सूरज सिंह (27), निवासी गोविंद नगर कानपुर
अनामिका
सौमाल्या (24), निवासी द्वारिका नगर नमखाना साउथ
भविष्य (23), निवासी अलीगंज
