Kanpur Airport Accident : प्रशिक्षण उड़ान के दौरान बड़ा हादसा, चल रहे प्रोपेलर की चपेट में आई प्रशिक्षु पायलट, DGCA ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली/कानपुर। कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक गंभीर विमानन हादसा हो गया। गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (एफटीओ) की एक प्रशिक्षु पायलट विमान के चल रहे प्रोपेलर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को जांच पूरी होने तक सभी प्रशिक्षण जिम्मेदारियों से हटा दिया है। डीजीसीए के अनुसार, 26 जून की रात गर्ग एविएशन का ट्विन इंजन टेक्नम P2006T विमान कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर रात्रिकालीन प्रशिक्षण उड़ान पर था। विमान में एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर और एक प्रशिक्षु पायलट मौजूद थे।

प्रशिक्षण उड़ान पूरी होने के बाद विमान की लैंडिंग सुरक्षित हो गई, लेकिन इंजन पूरी तरह बंद होने से पहले ही प्रशिक्षु पायलट विमान से उतर गई। इसी दौरान वह चल रहे प्रोपेलर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घायल प्रशिक्षु को तत्काल कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

DGCA ने उठाए सख्त कदम

घटना के बाद डीजीसीए ने संबंधित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को जांच पूरी होने तक उड़ान प्रशिक्षण से जुड़े सभी दायित्वों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। इसके अलावा हादसे में शामिल VT-NBV पंजीकरण वाले विमान के संचालन पर भी अगली सूचना तक रोक लगा दी गई है। डीजीसीए ने कहा है कि दुर्घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक प्रशासनिक और नियामकीय कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार