Shahjahanpur News : सीएचसी में तैनात वरिष्ठ चिकित्सक का शव सरकारी आवास में मिला, हार्ट अटैक से मौत की आशंका

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

शाहजहांपुर के कांट सीएचसी में तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव मेहरोत्रा का शव उनके सरकारी आवास से बरामद हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई गई है।

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव मेहरोत्रा (62) का शव रविवार सुबह उनके सरकारी आवास से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हृदयाघात (हार्ट अटैक) से मौत की आशंका जताई गई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह जब डॉ. मेहरोत्रा अपने कार्यस्थल नहीं पहुंचे तो उनके सहकर्मियों ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सहकर्मी उनके सरकारी आवास पहुंचे, जहां मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर शुभम वर्मा और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश करने पर डॉ. मेहरोत्रा का शव कमरे के फर्श पर पड़ा मिला। मौके पर उनकी आंखों पर चश्मा लगा हुआ था तथा शरीर से हल्का रक्तस्राव दिखाई दे रहा था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

सीओ शुभम वर्मा ने बताया कि सहकर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार डॉ. मेहरोत्रा डायबिटीज सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी पीड़ित थे। प्रथम दृष्टया उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

डॉ. राजीव मेहरोत्रा मूल रूप से सीतापुर जिले के निवासी थे और वर्ष 2019 से कांट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वरिष्ठ चिकित्सक के पद पर कार्यरत थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

संबंधित समाचार