Gonda News: गोंडा में ARTO को जान से मारने की धमकी, आरोपी शाहनवाज खान गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

गोंडा, अमृत विचार। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) आर.सी. भारतीय को व्हाट्सएप ग्रुप पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

व्हाट्सएप पर भेजा धमकी भरा संदेश

एआरटीओ आर.सी. भारतीय के अनुसार, 24 जून की रात एक व्हाट्सएप ग्रुप में मेवतियान निवासी शाहनवाज खान ने अपने मोबाइल नंबर से उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। धमकी भरा संदेश मिलने के बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की।

बातचीत के दौरान मिला मैसेज

आर.सी. भारतीय ने बताया कि जब वह पूर्व एआरएम शिवराज शुक्ला और पीडी डीआरडीए के एक अधिकारी के साथ बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान उनके मोबाइल पर यह आपत्तिजनक और धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। संदेश की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग की।

तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद एआरटीओ ने नगर कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी और आरोपी की तलाश में जुट गई।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

नगर कोतवाल बिदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी शाहनवाज खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ शांति भंग सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

ये भी पढ़ें:- बाराबंकी: डिजिटल लाइब्रेरी निर्माण में मिलीं खामियां, डीएम ईशान प्रताप सिंह ने जताई नाराजगी

संबंधित समाचार