बाराबंकी में शिक्षक संघ की मांग: स्कूल समय बदले या घोषित हो ग्रीष्मकालीन अवकाश
बाराबंकी, अमृत विचार। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने परिषदीय विद्यालयों के समय में बदलाव अथवा ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन और वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा परिषद को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
गर्मी को लेकर जताई चिंता
जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी, लू और हीट वेव का असर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ऐसे में परिषदीय विद्यालयों का संचालन प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाए या फिर छात्र हित में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाए।
शिक्षकों की समस्याएं भी उठाईं
शिक्षक संघ ने वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा परिषद को दिए ज्ञापन में शॉर्ट टैक्स प्रकरणों के निस्तारण की निर्धारित तिथियों में संशोधन की मांग की। संघ का कहना है कि प्रस्तावित यूपीटेट परीक्षा के कारण बड़ी संख्या में शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए तिथियों पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
लंबित भुगतान जल्द करने की मांग
ज्ञापन में शिक्षकों के लंबित 58 से 60 प्रतिशत अवशेष वेतन, विभिन्न देयकों और प्रभारी प्रधानाध्यापक पद से संबंधित बकाया भुगतान का भी मुद्दा उठाया गया। संघ ने मांग की कि इन सभी लंबित मामलों का जल्द निस्तारण कराया जाए, ताकि शिक्षकों को राहत मिल सके।
छात्र और शिक्षक हित सर्वोपरि
जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि संगठन हमेशा छात्र और शिक्षक हितों के लिए कार्य करता रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और शिक्षा विभाग मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों को लाभ मिल सके।
ये भी पढ़ें:- Gonda News: गोंडा में ARTO को जान से मारने की धमकी, आरोपी शाहनवाज खान गिरफ्तार
