Barabanki News: लखनऊ अग्निकांड के बाद भी नहीं चेते संचालक, बाराबंकी के रामनगर में बिना सुरक्षा मानकों के चल रहीं कई कोचिंग और लाइब्रेरी
रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी गई है। इसके बावजूद रामनगर कस्बे में कई कोचिंग, कंप्यूटर और लाइब्रेरी सेंटर अब भी बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहे हैं। इससे यहां पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
संकरी इमारतों में चल रहे संस्थान
बुढ़वल चौराहा, फतेहपुर मार्ग और कस्बे के अन्य क्षेत्रों में दर्जनों कोचिंग व लाइब्रेरी सेंटर संकरी दुकानों और बहुमंजिला भवनों में संचालित हो रहे हैं। कई स्थानों पर भवनों में केवल एक ही प्रवेश और निकास मार्ग है। ऐसे में आग या किसी अन्य आपात स्थिति के दौरान छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना मुश्किल हो सकता है।
सुरक्षा उपकरणों का अभाव
स्थानीय लोगों के अनुसार अधिकांश संस्थानों में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, पर्याप्त वेंटिलेशन और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। इसके बावजूद इन सेंटरों में रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने पहुंचते हैं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी से किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
अभिभावकों की बढ़ी चिंता
लखनऊ की घटना के बाद अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए और प्रशासन को ऐसे संस्थानों की नियमित जांच करानी चाहिए। कई अभिभावकों ने सुरक्षा मानकों को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।
कार्रवाई के डर से बंद रहे कई सेंटर
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक जांच और कार्रवाई की आशंका के चलते गुरुवार को कई लाइब्रेरी सेंटरों के संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। इससे पढ़ाई करने पहुंचे छात्रों को वापस लौटना पड़ा। हालांकि कुछ स्थानों पर संस्थान सामान्य रूप से संचालित होते रहे।
जांच और कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी कोचिंग, कंप्यूटर और लाइब्रेरी सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराई जाए। साथ ही मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी संभावित हादसे को रोका जा सके और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ये भी पढ़ें:- बाराबंकी: रेलवे स्टेशन पर जनरेटर में धमाका, गांव में ट्रांसफार्मर धधका; दो जगह आग से हड़कंप
