Hardoi News : शाहाबाद में महिला लेखपाल ने SDM पर छेड़छाड़ का लगाया आरोप, कोतवाली में तहरीर, वकीलों का प्रदर्शन
हरदोई के शाहाबाद में महिला लेखपाल ने एसडीएम पर चेंबर में बुलाकर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। मामले में कोतवाली में तहरीर दी गई, जबकि वकीलों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया।
शाहाबाद/हरदोई, अमृत विचार। शाहाबाद तहसील में तैनात एक महिला लेखपाल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुशील कुमार मिश्रा पर चेंबर में बुलाकर छेड़छाड़, अशोभनीय हरकत करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता ने शाहाबाद कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में एसडीएम के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
पीड़ित महिला लेखपाल के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:10 बजे उसे सूचना मिली कि एसडीएम ने अपने चेंबर में बुलाया है। आरोप है कि चेंबर में पहुंचने पर एसडीएम ने उसे कार्यालय में कार्य करने के लिए कहा। जब उसने आंखों की समस्या का हवाला देते हुए अपनी परेशानी बताई, तो एसडीएम ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे अपमानित किया और उसके साथ छेड़छाड़ की।
महिला लेखपाल का कहना है कि घटना के दौरान उसने अपने पिता एवं बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राकेश कुमार को फोन कर पूरी जानकारी दी। आरोप है कि जब उसके पिता एसडीएम के चेंबर पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। घटना के बाद महिला लेखपाल ने शाहाबाद कोतवाली पहुंचकर एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा के खिलाफ तहरीर दी है।
एसडीएम के खिलाफ अधिवक्ताओं ने की नारेबाजी
वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हो गए और एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। उनका पक्ष प्राप्त होने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।
