Hardoi News : घर में घुसकर चोरी करने वाले तीन चोर गिरफ्तार, जेवर और नकदी बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

1 जुलाई को दर्ज रिपोर्ट के बाद पुलिस की छानबीन रंग लाई, टीम-5 ने तीनों आरोपियों को दबोचा

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में घर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवर और नकदी भी बरामद की है। जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के बिरहाना निवासी योगेंद्र प्रताप सिंह ने 1 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर जेवर और नकदी चोरी कर ले गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान एसआई वासु कुमार के नेतृत्व में शहर कोतवाली की टीम-5 ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंदिरा नगर निवासी रवि गुप्ता पुत्र रामकिशोर गुप्ता, अनीस पुत्र रईस तथा हरीपुरवा निवासी शिवम सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन जोड़ी पायल, 12 बिछिया, दो अंगूठियां और 2,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

संबंधित समाचार