B.Ed अभ्यर्थियों के लिए राहत : छात्रवृत्ति को लेकर नहीं बदले नियम, जानिए वायरल पोस्ट की सच्चाई
अधिकारियों व शिक्षण संस्थानों में इस संबंध में नहीं आया है कोई शासनादेश
रवि प्रकाश सिंह/ प्रतापगढ़ अमृत विचार : छात्रवृत्ति को लेकर बी.एड. अभ्यर्थियों के लिए कोई नई गाइडलाइन नहीं आई है। बी.एड. में डायरेक्ट प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को भी स्कॉलरशिप मिलेगी। सीधे प्रवेश लेने पर स्कॉलरशिप न मिलने के सम्बन्ध में सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट फर्जी निकली। अधिकारियों ने वायरल पोस्ट को पूर्णतः निराधार बताया है। इससे बी.एड. में सीधे प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है।
बी.एड. में सीधे दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों को स्कॉलरशिप मिलने के सम्बन्ध में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। वायरल पोस्ट में यह लिखा गया है कि शासन के नए आदेश के अनुसार अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति तथा सामान्य वर्ग के वे अभ्यर्थी जो सीधे प्रवेश लेंगे,उन्हें बिना निर्धारित शुल्क जमा किए छात्रवृत्ति नहीं दी जाएगी।
वायरल पोस्ट में यह भी दर्शाया गया है कि डायरेक्ट एडमिशन लेने के बाद भी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिल जाती थी। लेकिन अब शासन ने इस प्रक्रिया में बदलाव करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि 51 हजार 250 जमा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा। अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों ने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट को फर्जी बताया है। वायरल पोस्ट की सच्चाई सामने आने के बाद बी.एड. में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है।
संवाद से हुआ अभ्यर्थियों की समस्या का समाधान
प्रवेश परीक्षा उतीर्ण करने के बाद बी.एड. में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों में छात्रवृत्ति को लेकर असमंजस की स्थिति देखने को मिली। वंशिका तिवारी और प्राची पाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है,जिसमें लिखा गया है कि डायरेक्ट प्रवेश लेने वाले बी.एड. के अभ्यर्थियों को स्कॉलरशिप नहीं मिलेगी। वहीं प्रज्ञा तिवारी और हिमांशी सिंह ने बताया कि मुझे लगा कि प्रवेश परीक्षा देने का मतलब ही क्या रह गया जब डायरेक्ट प्रवेश मिल रहा है। जब प्रवेश के लिए कॉलेज गई तो शिक्षकों ने समस्या का समाधान किया। बताया कि ऐसे कोई समस्या नहीं आएगी। इस संबंध में कोई गाइडलाइन नहीं आई है।
बी.एड.के अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा के माध्यम से ही होता है। सीधा प्रवेश संभव ही नहीं है। परीक्षा के माध्यम से प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों की छात्रवृत्ति पहले भी आती रही है,आगे भी आएगी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट पूरी तरह निराधार है। इस संबंध में कोई दिशा निर्देश नहीं आया है।
-प्रो.अमित कुमार श्रीवास्तव,प्राचार्य पीबीपीजी कॉलेज,प्रतापगढ़ सिटी
छात्रवृत्ति के संबंध में पहले जो गाइडलाइन थी,वही अभी भी है। बी.एड. के नवप्रवेशी अभ्यर्थियों के संबंध में कोई भी अलग से नया कोई भी शासनादेश नहीं आया है। नागेंद्र कुमार मौर्य,जिला समाज कल्याण अधिकारी
