Gonda News: प्रेम संबंध में रोड़ा बन रहे पिता को बेटे ने किया लहूलुहान, धारदार हथियार और सिलबट्टे से वार
गोंडा, अमृत विचार। खोड़ारे थाना क्षेत्र के बनकटवा साबरपुर बाजार में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्रेम संबंध का विरोध करने से नाराज पिता ने अपने 22 वर्षीय बेटे पर सोते समय कथित रूप से धारदार हथियार, ईंट-पत्थर और सिल-बट्टे से जानलेवा हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां से परिजन बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले गए हैं।
बनकटवा साबरपुर बाजार निवासी तनवीर अहमद (22) बुधवार देर रात घर में सो रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उसके पिता नसरुल्लाह ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में धारदार हथियार के अलावा ईंट-पत्थर और सिल-बट्टे का इस्तेमाल किया गया। सिर पर कई वार किए जाने से तनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन उसे उपचार के लिए सीएचसी बभनजोत ले गए। तनवीर की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। ग्राम प्रशासक निजामुद्दीन के मुताबिक, युवक को बाद में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। तनवीर की बहन रेहाना खातून ने आरोप लगाया कि उसके पिता का क्षेत्र की एक महिला से कथित प्रेम संबंध है। इसी बात का तनवीर लगातार विरोध करता था। इसे लेकर पिता और बेटे के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
आरोप है कि विवाद के चलते पिता ने घर का खर्च तक देना बंद कर दिया था। रेहाना का आरोप है कि इसी विवाद के चलते बुधवार देर रात पिता ने तनवीर को घर में अकेले सोते देखा और उस पर हमला कर दिया। परिजनों के मुताबिक, हमले के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद खोड़ारे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष गोपाल राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
