Bahraich News : लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी, युवक के नाम पर फर्जी लोन लेकर निकाले रुपये; थाने में दी तहरीर
बहराइच के जरवल रोड में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने व्हाट्सएप पर लोन दिलाने का झांसा देकर युवक के दस्तावेज हासिल किए और उसके नाम पर कथित फर्जी लोन लेकर रकम निकाल ली।
जरवल रोड (बहराइच), अमृत विचार। थाना जरवल रोड क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक को लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठग ने उसके दस्तावेज हासिल कर लिए और उसकी जानकारी के बिना उसके नाम पर ऋण स्वीकृत कराकर रकम निकाल ली। अब पीड़ित के बैंक खाते में करीब 1.19 लाख रुपये की बकाया देनदारी दिखाई दे रही है।
ग्राम जतौरा निवासी रवि कुमार सिंह पुत्र सुनील सिंह ने थाना प्रभारी निरीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका एचडीएफसी बैंक में खाता संचालित है। आरोप है कि व्हाट्सएप नंबर 7972346680 से संपर्क करने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने आसान लोन दिलाने का भरोसा दिलाया और आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक सहित अन्य जरूरी दस्तावेज मंगवा लिए।
पीड़ित का आरोप है कि दस्तावेज मिलने के बाद ठग ने उसकी जानकारी और सहमति के बिना उसके नाम पर लोन स्वीकृत कराकर पूरी धनराशि निकाल ली। जब बैंक खाते की जानकारी ली गई तो उसमें करीब 1,19,000 रुपये की बकाया देयता दर्ज मिली, जबकि उसने स्वयं कोई ऋण नहीं लिया।
रवि कुमार सिंह ने थाना जरवल रोड में तहरीर देकर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक को भी प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने, कथित फर्जी लोन को निरस्त करने और खाते से बकाया देयता हटाने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर जांच की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं बैंक स्तर पर भी पूरे प्रकरण की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
