UPTET 2026: बाराबंकी के 14 केंद्रों पर 4,488 अभ्यर्थी देंगे यूपी टीईटी परीक्षा, प्रशासन ने कसी कमर
--पर्यवेक्षक प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव व डीएम ईशान प्रताप सिंह ने की तैयारियों की समीक्षा --2 से 4 जुलाई तक तीन दिन चलेगी परीक्षा
बाराबंकी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त आईएएस) एवं जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने की। इसमें जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों एवं सह केंद्र व्यवस्थापकों ने भाग लिया। बैठक में परीक्षा की सभी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए आयोग की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पर्यवेक्षक प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरतें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराते हुए परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में यूपीटीईटी-2026 परीक्षा 2 एवं 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में आयोजित होगी। परीक्षा के लिए जिले में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 4,488 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा शुरू होने से पहले अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन कर लें तथा परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखें।
डीएम ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा तीन से चार परीक्षा केंद्रों पर एक-एक जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में उपजिलाधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर नामित किए गए हैं, जो अपने अधीनस्थ परीक्षा केंद्रों का नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह क्रियाशील रहें।
प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, सुरक्षित वितरण, परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा तथा आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग की सूचना तत्काल उपलब्ध कराते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। इस दौरान एडीएम निरंकार सिंह, एएसपी दक्षिणी रितेश कुमार सिंह, डीआईओएस अमिता सिंह, बीएसए नवीन कुमार पाठक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
