'निवेश मित्र' के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बाराबंकी डीएम का अधिकारियों को सख्त अल्टीमेटम
-डीएम की अध्यक्षता में जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समितियों की हुई बैठक
बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में व्यापार, उद्योग और श्रमिक हितों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार प्रबंधन, पार्किंग और अतिक्रमण की समीक्षा की गई।
डीएम ने साप्ताहिक बाजार केवल निर्धारित स्थलों पर लगाने, सड़क पर अतिक्रमण रोकने तथा ई-रिक्शा और बसों का संचालन तय स्थानों से कराने के निर्देश दिए। उद्योग बंधु समिति की बैठक में यूपीएसआईडीसी के कुर्सी रोड, माती और रामसनेहीघाट औद्योगिक क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। फायर स्टेशन, सड़क, नाली, विद्युत सब स्टेशन, ईएसआईसी डिस्पेंसरी तथा अन्य अवस्थापना परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
साथ ही निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रम बंधु समिति की समीक्षा के दौरान डीएम ने श्रमिक कल्याण योजनाओं, पंजीकरण और सामाजिक सुरक्षा संबंधी सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, यूपीएसआईडीसी के अधिकारी, व्यापारी, उद्यमी एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
