बाराबंकी में तटबंध किनारे मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। यूपी के बाराबंकी जिले में तीन दिन पहले राजस्थान से रुपये लेकर घर के लिए निकले ईंट भठ्ठा मजदूर का अर्धनग्न शव तटबंध किनारे मिला। सूचना पाते ही पहुंचे परिजनों में रोना पिटना मच गया। आरोप है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। 

जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना के हरक्का पंचायत के पंडितपुरवा गांव निवासी सर्वेश यादव के चार बेटों जितेंद्र, रंजीत और अंगद दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं, सबसे छोटा बेटा शिवा घर पर रहता है। 

दिल्ली में रहकर मजदूरी करने वाले जितेंद्र का आरोप है कि उसका भाई अंगद यादव 25 राजस्थान में रहकर एक भट्टे पर मजदूरी करता था। तीन दिन पहले वह भठ्ठा मालिक से 45 हजार रूपए लेकर वापस घर के लिए निकला लेकिन घर नहीं पहुंचा। दो दिन पहले वह अपने साले रंजीत कुमार की सूरतगंज दुकान पर भी गया। मंगलवार भोर उसका शव गांव के बाहर बिझला तटबंध के किनारे मिला। 

उसके शरीर पर केवल नेकर और गमछा मौजूद मिला जबकि बाकी कपड़े, मोबाइल और पैसे गायब थे। भाई की मौत की सूचना पाकर दिल्ली से वापस घर आ रहे जितेंद्र ने दूरभाष पर बताया कि ग्रामीणों के मुताबिक शव को देखकर यह प्रतीत हुआ कि उसको पानी में डूबाकर मारा गया है। यह भी आरोप है कि कुछ लोग उसकी खोजबीन कर रहे थे। संभवतः उन्हीं लोगों ने हत्याकर शव फेंका है। हालांकि पुलिस किसी विषाक्त पदार्थ सेवन से मौत होने का अंदेशा जता रही है। कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि बांध किनारे मिला शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

रेगुलेटर के पास मृत मिली अज्ञात युवती 

बड्डूपुर थाना क्षेत्र में एक युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में भगौली रेगुलेटर के पास मंगलवार की सुबह एक युवती का शव पड़ा देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतका के सिर पर बाल नहीं थे, जबकि वह टी शर्ट और लोअर पहने हुए थी। पुलिस ने प्रयास किया पर आस पास से लोगों ने पहचान से इंकार कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका है कि युवती की हत्या कर शव यहां फेंक दिया गया है। पुलिस फिलहाल पहचान के प्रयास में जुटी है और सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  : 
'निवेश मित्र' के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बाराबंकी डीएम का अधिकारियों को सख्त अल्टीमेटम

 

 

संबंधित समाचार