Bareilly News : झुमका चौराहा फिर जगमग, देर रात तक जुट रहे दिवाने
नया रूप बना आकर्षण का केंद्र, ईयररिंग डिजाइन से बढ़ी भव्यता
बरेली, अमृत विचार। बरेली की पहचान बन चुका झुमका चौराहा एक बार फिर नई चमक के साथ जगमगा उठा है। नगर निगम की ओर से कराए गए रिनोवेशन के बाद इसे नए डिजाइन में फिर से स्थापित कर दिया गया है। दिल्ली की ओर से आने वाले लोगों के स्वागत के लिए तैयार इस ऐतिहासिक झुमके का दीदार करने और तस्वीरें खिंचाने के लिए रात के समय लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही।
बॉलीवुड के मशहूर गीत झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में..., ने इस शहर को देशभर में अलग पहचान दिलाई। इसी पहचान को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने कुछ साल पहले यहां विशाल झुमका स्थापित कराया था, लेकिन समय के साथ इसकी चमक फीकी पड़ने लगी और डिजाइन में भी कई कमियां सामने आने लगीं थीं। जिनका रिनोवेशन करने के लिए फरवरी महीने में इसे उतारा गया। कारीगरों ने डिजाइन में कुछ बदलाव करने के साथ ही झुमके पर पुराने पेंट को हटाकर इस पर ब्रास की विशेष परत चढ़ाई, जिससे इसकी चमक सालों तक फीकी नहीं पड़ेगी। इतना ही नहीं, इस बार इसे खूबसूरत ''इयररिंग'' के आकार में ढाला गया, जिसकी गोलाई और आकर्षक लटकाव दूर से ही राहगीरों का ध्यान खींच रहे हैं।
रात की दूधिया रोशनी में झुमके की भव्यता दोगुनी हो गई है। स्थानीय लोग व बच्चे इसके पास खड़े होकर बड़े उत्साह से सेल्फी ले रहे हैं। आने वाले दिनों में इसके आसपास लाइटिंग और लैंडस्केपिंग का काम भी पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
मई से ढका था, अब हटा पर्दा
फरवरी में कायाकल्प के लिए झुमके को उतारा गया। इसके बाद इसे मई के महीने में ही चौराहे पर लगा दिया गया। धूल-मिट्टी और निर्माण कार्य के कारण यह गंदा न हो, इसलिए इसे पन्नी से पूरी तरह से ढक दिया गया। मंगलवार को इसके ऊपर से पन्नी हटा दी गई। पर्दा हटते ही झुमके का यह नया स्वर्णिम अवतार सामने आया, जिसे देखने के लिए लोग बेताब दिखे।
