Bareilly News : भूखंडों की नीलामी से बीडीए की झोली में आए 35 करोड़

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

विशेष नीलामी शिविर में आवासीय व व्यावसायिक भूखंडों पर लगी ऊंची बोली

बरेली, अमृत विचार। बीडीए के नवीन कार्यालय भवन में मंगलवार को आयोजित विशेष शिविर के दौरान रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के आवासीय व व्यवसायिक भूखंडों की नीलामी की गई। इससे बीडीए को करीब 35 करोड़ रुपये की आय हुई।

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि केवल आवासीय क्षेत्र ही नहीं, बल्कि बरेली को औद्योगिक मानचित्र पर चमकाने के लिए भी प्राधिकरण ने कमर कस ली है। प्रदेश सरकार के 01 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के सपने को साकार करने के लिए जिले में एक विशाल औद्योगिक टाउनशिप की नींव रखी जा रही है। इसके लिए तहसील सदर के ग्राम रसूला चौधरी समेत मीरगंज के भिटौरा नौगंवा (फतेहगंज पश्चिमी), चिटौली और रहपुरा जागीर के किसानों से आपसी सहमति के आधार पर कुल 126.3043 हेक्टेयर जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कहा कि मेगा परियोजना केवल फैक्ट्रियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह पूरे बरेली क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक कायाकल्प का जरिया बनेगी। नई टाउनशिप के आने से बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश आएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को घर के पास ही रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही इस पूरे इलाके में चौड़ी सड़कें, 24 घंटे बिजली, बेहतरीन ड्रेनेज सिस्टम और आधुनिक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे बरेली में सुनियोजित शहरीकरण की नई शुरुआत होगी। बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव पूरी टीम साथ मौजूद रहीं।

संबंधित समाचार