भारत-इंग्लैंड टी20 सीरीज: वापसी के इरादे से उतरेगा भारत, वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी निगाहें

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

लखनऊ, अमृत विचार। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज बुधवार से चेस्टर-ली-स्ट्रीट में शुरू होगी। आयरलैंड के खिलाफ 2-0 की अप्रत्याशित हार के बाद भारतीय टीम इस सीरीज में दमदार वापसी की कोशिश करेगी। वहीं, 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के संभावित अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर क्रिकेट प्रेमियों की खास नजर रहेगी।

वैभव बना सकते हैं रिकॉर्ड

आईपीएल, घरेलू क्रिकेट और एज-ग्रुप क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी को पहली बार सीनियर भारतीय टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, आयरलैंड दौरे पर उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला। यदि इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे।

श्रेयस की कप्तानी की पहली बड़ी परीक्षा

भारतीय टीम की कमान संभाल रहे श्रेयस अय्यर के लिए यह सीरीज भी बेहद अहम है। आयरलैंड दौरे में मिली हार के बाद उन पर टीम को जीत की राह पर लौटाने का दबाव होगा। दूसरी ओर, हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड की टीम अपने घरेलू मैदान पर भारत को कड़ी चुनौती देने के इरादे से उतरेगी।

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 30 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 18 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। दोनों टीमें आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भिड़ी थीं, जहां भारत ने सात रन से जीत दर्ज की थी। वहीं, इंग्लैंड में दोनों टीमों के बीच पिछली द्विपक्षीय टी20 सीरीज 2022 में हुई थी, जिसे भारत ने 2-1 से अपने नाम किया था।

यह भी पढ़ें: IND vs ENG: अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ खेली थीं यादगार पारियां, अब फिर होगी बड़ी परीक्षा

संबंधित समाचार