Barabanki News: बाराबंकी में मरघट की जमीन पर बन रही मजार का निर्माण हटाया, जेसीबी से ध्वस्त किए पिलर
बाराबंकी, अमृत विचार। सिरौलीगौसपुर तहसील के बदोसराय थाना क्षेत्र स्थित मदारपुर गांव में मरघट की भूमि पर किए जा रहे कथित अवैध निर्माण को प्रशासन ने मंगलवार को हटवा दिया। राजस्व विभाग की पैमाइश में भूमि सरकारी अभिलेखों में मरघट के नाम दर्ज पाए जाने के बाद प्रशासन ने जेसीबी की मदद से निर्माणाधीन पिलरों को ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
विरोध के बाद रुका था निर्माण कार्य
जानकारी के अनुसार, रविवार को कुछ लोग उक्त भूमि पर निर्माण के लिए पिलर खड़े कर रहे थे। स्थानीय स्तर पर विरोध होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई भी की गई। इसके बाद सोमवार को राजस्व विभाग की टीम ने भूमि की पैमाइश की थी।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
मंगलवार को दोबारा पैमाइश के बाद भूमि मरघट के नाम दर्ज होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज, तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा, बदोसराय कोतवाली प्रभारी राम अवतार सरोज, राजस्व टीम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से निर्माणाधीन पिलरों को हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी
लेखपाल महेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। वहीं, एसडीएम अनिल कुमार सरोज ने कहा कि सरकारी अभिलेखों में भूमि मरघट के नाम दर्ज मिलने के बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाया गया है। साथ ही संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई है।
